मलगढ़ा चौराहे पर वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की भव्य प्रतिमा लगेगी

स्टेट न्यूज़,आर्टिकल,सिटी लाइव,   
img

मलगढ़ा चौराहे पर वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की भव्य प्रतिमा लगेगी 
मंत्री तोमर एवं सांसद  शेजवलकर ने किया भूमिपूजन 

ग्वालियर/ अमरशहीद वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की भव्य प्रतिमा मलगढ़ा चौराहे पर लगाई जायेगी। इसके साथ ही चौराहे को अत्याधुनिक बनाया जायेगा। मलगढ़ा चौराहे एवं हजीरा थाने का नाम भी वीरांगना अवंतीबाई लोधी के नाम पर रखा जायेगा। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं सांसद विवेक नारायण शेजवलकर के आतिथ्य में शुक्रवार को मलगढ़ा चौराहे पर रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थापना के भूमिपूजन समारोह में यह बात कही। 
भूमिपूजन समारोह में विशेष रूप से निगम सभापति  राकेश माहौर, नेता प्रतिपक्ष कृष्णराव दीक्षित, लोधी समाज के कार्यवाहक अध्यक्ष  कोकसिंह नरवरिया, समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराधा सिंह नरवरिया, जिला अध्यक्ष  सोबरन सिंह नरवरिया, जनप्रतिनिधि  रामविलास गोस्वामी,  दयाराम पाल, दीवान सिंह नरवरिया सहित समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे। 
प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि वीरांगना रानी अवंतीबाई के बलिदान को हम भुला नहीं सकते हैं। हम सबको उनके बताए हुए मार्ग पर आगे बढ़ना होगा। उन्होंन कहा कि रानी अवंतीबाई ने जिस प्रकार अपने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया, उनके संघर्ष और बलिदान को हम सब नमन करते हैं। मंत्री श्री तोमर ने कहा कि देश की आजादी के बाद हम सबको अपने समाज और देश के उत्थान के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। 
खाद्य मंत्री श्री तोमर ने कहा कि मलगढ़ा चौराहे पर अमर शहीद वीरांगना रानी अवंतीबाई की भव्य प्रतिमा स्थापित करने के साथ ही चौराहे का भी सुनियोजित विकास किया जायेगा। इसके लिए नगर निगम के साथ-साथ आवश्यकता पड़ी तो प्रदेश सरकार की ओर से भी मदद उपलब्ध कराई जायेगी। उन्होंने कहा कि समाज की मांग पर मलगढ़ा चौराहे एवं थाने का नाम रानी अवंतीबाई के नाम पर रखा जायेगा। इसके लिए सभी आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण की जायेंगी। 
उन्होंने इस मौके पर यह भी कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मिलावट करने वालों के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान में सभी का सहयोग आवश्यक है। इस अभियान को जन अभियान बनाना होगा। मिलावट करने वाले लोगों के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई हो, इसके लिए हम सबको जागरूक रहकर अभियान में सहभागी बनना चाहिए। 
क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि मलगढ़ा चौराहे पर वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा लगाने का कार्य नगर निगम द्वारा किया जा रहा है। समाज की ओर से इसकी मांग लम्बे समय से की जा रही थी। समाज की मांग पर निगम की ओर से लगाई जा रही प्रतिमा से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमें अपने देश को आजाद कराने वाले वीर सैनानियों का सदैव नमन करना चाहिए। उनके द्वारा किए गए बलिदान को हम भुला नहीं सकते हैं। उनके द्वारा बताए गए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रृद्धांजलि है। 
सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि 1857 की क्रांति की नायिका रानी अवंतीबाई लोधी ने अपना सर्वस्व न्यौछावर देश पर किया। उनकी शहादत को हम सब नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शीघ्र प्रतिमा की स्थापना की जाए, ताकि उनकी पुण्यतिथि पर प्रतिमा का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित हो सके। रानी अवंतीबाई की जयंती पर उनकी प्रतिमा स्थापित करने का जो कार्यक्रम निगम द्वारा आयोजित किया गया है, वह एक अच्छी पहल है। उन्होंने कहा कि मलगढ़ा चौराहे का विकास भी भव्य रूप में किया जाए, ताकि आने वाले दिनों में वीरांगना की प्रतिमा और चौराहा एक दर्शनीय स्थल बन सके। 
कार्यक्रम के प्रारंभ में निगम सभापति श्री राकेश माहौर ने कहा कि 1857 की क्रांति की नायिका अमर शहीद वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा निगम द्वारा तैयार कराई जा रही है। यह प्रतिमा शीघ्र ही मलगढ़ा चौराहे पर स्थापित की जायेगी। उनकी प्रतिमा स्थापना से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और देशभक्ति की भावना जागृत होगी। 
नेता प्रतिपक्ष श्री कृष्णराव दीक्षित ने कहा कि अमर शहीद अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थापित करने के साथ ही समाज की मांग पर चौराहे का नाम भी निगम परिषद की ओर से रखा जायेगा। इसके साथ ही हजीरा थाने का नाम भी वीरांगना के नाम पर रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि महापुरूषों की प्रतिमाओं से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री कोकसिंह नरवरिया ने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के बलिदान और उनके संघर्ष के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रानी अवंतीबाई द्वारा 1857 में देश की आजादी के लिए जो कार्य किया गया है, उसे हम कभी भुला नहीं पायेंगे। 



सोशल मीडिया