आम जनों की समस्याओं के निराकरण के लिए सरकार घर-घर पहुँचेगी – प्रद्युम्न सिंह

स्टेट न्यूज़ ,सिटी लाइव,   
img

आम जनों की समस्याओं के निराकरण के लिए सरकार घर-घर पहुँचेगी – प्रद्युम्न सिंह 

“शहर सरकार आपके द्वार” अभियान का श्रीगणेश

ग्वालियर / प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि आम जनों की समस्याओं के निराकरण के लिए शहर सरकार उनके घर-घर पहुँचेगी। लोगों की समस्याओं के निराकरण के साथ ही शासन की योजनाओं का लाभ ई-नगर पालिका के माध्यम से उपलब्ध कराने का कार्य भी शहर सरकार के माध्यम से किया जायेगा। खाद्य मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बुधवार को ग्वालियर में “शहर सरकार आपके द्वार” अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में यह बात कही।    “शहर सरकार आपके द्वार” अभियान का शुभारंभ नगर निगम द्वारा बाल भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्री मुन्नालाल गोयल, ग्वालियर दक्षिण के विधायक श्री प्रवीण पाठक, नगर निगम सभापति श्री राकेश माहौर, नेता प्रतिपक्ष श्री कृष्णराव दीक्षित, नगर निगम आयुक्त श्री संदीप माकिन सहित पार्षदगण सर्वश्री बलवीर तोमर, श्री चतुर्भुज धनोलिया, चंदू सेन, बाबूलाल चौरसिया, धर्मेन्द्र कुशवाह सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं अभियान से जुड़े हुए लोग उपस्थित थे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के निराकरण के लिए सरकार ने नगर सरकार आपके द्वार अभियान प्रारंभ किया है। इसी प्रकार शहरी निवासियों की समस्याओं के निराकरण के लिए शहर सरकार आपके द्वार कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। नगरीय प्रशासन के इस महत्वपूर्ण अभियान के माध्यम से आम जनों की समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ ई-नगर पालिका के माध्यम से लोगो को बेहतर सुविधाएं भी मुहैया कराई जायेंगीं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि 2 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान की जानकारी जनप्रतिनिधियों को भी मुहैया कराई जाए। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी अभियान में सक्रिय भागीदारी हेतु शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान क्षेत्र में जो समस्यायें प्राप्त हों, उन्हें पंजीबद्ध करने के साथ-साथ तत्परता से उनका निराकरण भी सुनिश्चित किया जाए। जो समस्यायें शासन स्तर की हैं उनके प्रस्ताव शासन स्तर को भी भेजे जाएं, ताकि उनका निराकरण कराया जा सके।कार्यक्रम के विशेष अतिथि क्षेत्रीय विधायक श्री मुन्नालाल गोयल ने कहा‍ कि प्रदेश सरकार द्वारा आम जनों की समस्याओं के निराकरण हेतु शहर सरकार आपके द्वार अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के माध्यम से शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके साथ ही छोटी-छोटी समस्याओं का निराकरण भी तत्परता से किया जाए। श्री मुन्नालाल गोयल ने कहा कि शहर के निवासियों की नगर निगम से अनेक अपेक्षाएं हैं। इन अपेक्षाओं पर नगर निगम अभियान के माध्यम से खरा उतरेगा, इसकी मुझे पूरी उम्मीद है।  कार्यक्रम में विधायक श्री प्रवीण पाठक ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के 150वें जन्म दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा आम जनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु एक महत्वपूर्ण अभियान शहर सरकार आपके द्वार का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान आम जनों की समस्याओं के निराकरण के लिए महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करेगा। विधायक श्री पाठक ने कहा कि महात्मा गाँधी द्वारा बताए मार्ग पर चलना ही आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण देश में महात्मा गाँधी की प्रेरणा से ही स्वच्छता अभियान प्रारंभ किया गया है।   कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्री राकेश माहौर ने कहा कि नगर निगम के माध्यम से 2 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक निरंतर भ्रमण कर लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जायेगा। शहर सरकार आपके द्वार अभियान नगर निगम के लिए अति महत्वपूर्ण अभियान है। इसके माध्यम से हम शहर के सभी वार्डों में भ्रमण कर लोगों की समस्याओं का निराकरण कर सकते हैं। इसके साथ ही ई-नगर पालिका के माध्यम से किस प्रकार लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगीं, उसकी जानकारी भी दे सकते हैं।

            इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष श्री कृष्णराव दीक्षित ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा आम जनों के हितों को ध्यान में रखकर एक बेहतर अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के सार्थक परिणाम भी हम सबको देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान क्षेत्र के पार्षद भी सक्रिय रूप से भ्रमण कर लोगों की समस्याओं के निराकरण में अग्रणी भूमिका का निर्वहन करें।

            कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर निगम आयुक्त श्री संदीप माकिन ने शहर सरकार आपके द्वार अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान न केवल नगर निगम बल्कि महिला बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी अपनी-अपनी संस्थाओं को बेहतर करने का कार्य करेंगे। नगर निगम द्वारा गठित दल शहर के सभी वार्डों में अभियान के दौरान भ्रमण कर लोगों की समस्याओं का निराकरण करेंगे। इसके साथ ही ई-नगर पालिका के माध्यम से लोगों को बेहतर सुविधाएं किस प्रकार उपलब्ध हो सकती हैं, इसकी जानकारी देंगे।    कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के चित्र पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी श्री प्रदीप श्रीवास्तव ने किया एवं आभार प्रदर्शन अपर आयुक्त श्री राजेश श्रीवास्तव ने व्यक्त किया।

कार्यक्रम में करदाता ने ऑनलाइन किया भुगतान

    कार्यक्रम में ई-नगर पालिका के माध्यम से कर जमा करने की प्रणाली की जानकारी देने के साथ ही करदाता श्री विनोद कुमार राय ने मौके पर ही अपना टैक्स जमा कर उदाहरण प्रस्तुत किया। अतिथियों ने मौके पर ही ऑनलाइन टैक्स की प्रक्रिया को भी समझा । 



सोशल मीडिया