कांग्रेस में सत्य कहने वालों को कहा जाता है गद्दार -शिवराज सिंह

स्टेट न्यूज़ ,सिटी लाइव,   
img

कांग्रेस में सत्य कहने वालों को कहा जाता है गद्दार -शिवराज सिंह
भोपाल। ग्वालियर में सदस्यता अभियान के तीसरे दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस में सत्य कहने वालों को गद्दार कहा जाता है। महाराज ने सत्य बोला तो उन्हें गद्दार बता दिया। जबकि ज्योतिरादित्य सिंधिया सबसे बड़े खुद्दार हैं। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर भी जमकर हमला बोला। शिवराज ने कहा- कांग्रेस नेताओं ने पत्र लिखा कि पूर्णकालिक अध्यक्ष चाहिए, तो राहुल गांधी कहने लगे कि ये गद्दारी है। सत्य कहने वालों को कांग्रेस में गद्दार कहा जाता है। ऐसी पथभ्रष्ट कांग्रेस को कोई बचा नहीं सकता है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा- प्रदेश के गरीबों के कल्याण और प्रदेश के विकास की जितनी योजनाएं थीं, कांग्रेस ने बंद कर दी थी। गरीबों, किसानों, युवाओं को ठगने वाली कांग्रेस सरकार को प्रदेश की जनता जवाब देगी। कमलनाथ जी से जब भी प्रदेश विकास और जनकल्याण के कार्यों के लिए बात की जाती थी, तो पैसे का रोना रोने लगते थे। प्रदेश का विकास और जनकल्याण ही मेरे जीवन का ध्येय है। मैं पैसे का रोना नहीं रोऊंगा। सीएम ने कहा- सत्ता के स्वर्ण सिंहासन के लिए हमने सरकार नहीं बनाई है। हमने सरकार प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण के लिए बनाई है। प्रदेश की जनता के सुख में ही मेरा सुख है। जनता के कल्याण में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मैं आपसे आग्रह करने आया हूं कि भारतीय जनता पार्टी को भारी मतों से विजयी बनाकर जनता के कल्याण और प्रदेश विकास के कार्यों के लिए मार्ग प्रशस्त कीजिए। राहुल भैया ने ऐसे वादे किये कि लोग लट्टू हो गये। किसानों से कह दिया कि दस दिन में कर्जा माफ होगा, नहीं तो मुख्यमंत्री बदल दूंगा। न किसानों का कर्जा माफ हुआ और न युवाओं से किया रोजगार और बेरोजगारी भत्ता देने का वादा पूरा हुआ।
हम गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए 25 हजार रुपये देते थे। कमलनाथ जी ने कहा कि हम 51 हजार रुपये देंगे। शादी के बाद बेटियां मां बन गई हैं, लेकिन कमलनाथ जी आज तक बेटियों के खाते में कन्यादान की राशि नहीं पहुंचा सके हैं। मेरे भाई-बहनों, मध्यप्रदेश का समुचित विकास और जनता का कल्याण केवल भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है। आपसे आग्रह है कि इस बार भाजपा को इतने वोटों से जिताना कि पिछले सभी रिकॉर्ड टूट जायें। भाजपा ने दावा किया है कि ग्वालियर में आयोजित पार्टी के तीन दिवसीय सदस्यता अभियान में 60 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि अभी तक 60 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। प्रद्युम्न सिंह ने कहा कि जो लोग सदस्यता ले रहे हैं उनकी सभी जानकारी हमारे पास है। सभी लोग अपने-अपने क्षेत्रों के वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे हैं। दरअसल, आगामी दिनों में प्रदेश में 27 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में 16 सीटें ग्वालियर-चंबल संभाग में हैं। इसलिए यहां सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा द्वारा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल किए जाने वाले दावे को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ने फर्जी करार दिया है। उन्होंने कहा है कि जिन लोगों के भाजपा नाम ले रही है, उनसे उनकी बात हुई है। वे लोग ग्वालियर ही नहीं आए और ना ही उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली है।



सोशल मीडिया