सभी गरीब परिवारों को चिन्हित कर दिया जाएगा एक रूपए किलो राशन - मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

स्टेट न्यूज़ ,सिटी लाइव,   
img

सभी गरीब परिवारों को चिन्हित कर दिया जाएगा एक रूपए किलो राशन -  मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान 
सुमावली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण समारोह आयोजित

ग्वालियर / मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सुमावली के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। कोई भी गरीब भूखा नहीं रहेगा। सभी गरीब परिवारों को चिन्हित कर सस्ती दर पर राशन दिया जाएगा। प्रदेश सरकार हर गरीब को ढूंढ-ढूंढ़कर खाद्यान्न पर्चियाँ देगी और उन्हें एक रूपए प्रतिकिलो की दर से राशन मुहैया करायेगी। इसके लिये आगामी 16 सितम्बर को महा अभियान शुरू होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान शनिवार को मुरैना जिले के सुमावली विधानसभा के छेरा ग्राम में आयोजित हुए विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने केन्द्रीय कृषि, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर तथा राज्यसभा सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री ऐदल सिंह कंसाना के साथ लगभग 68 करोड़ रूपए लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लगभग 8500 करोड़ की लागत से चम्बल अटल प्रोग्रेस-वे बनकर तैयार होगा। इससे चम्बल क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा सरकार ने किसान व गरीबों के कल्याण के लिये बनी संबल योजना को फिर से चालू करने का फैसला भी लिया है। इसी तरह आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की उच्च शिक्षा में मदद के लिये शुरू की गईं योजनायें भी सरकार ने चालू कर दी हैं। सरकार गरीबों के बच्चों की आईआईटी, आईआईएम व मेडीकल इत्यादि संस्थानों की फीस भरेगी। श्री चौहान ने कहा कि जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। युवाओं के लिए पुलिस की भर्ती होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को परेशान न होना पड़े इसलिए हर घर नल से पानी पहुंचाया जाएगा।
केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जनहित में कार्य करने वाले एक संवेदनशील जनसेवक हैं, जो हर वर्ग के कल्याण के लिए तत्पर होकर काम कर रहे हैं। प्रदेश सरकार किसान, मजदूर, गरीबों, महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। आज यहाँ लगभग 68 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर उन्होंने बड़ी सौगात दी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, विद्युत, हर घर नल से जल आदि के लिए काम किया जा रहा है।
राज्यसभा सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सुमावली के विकास के लिए आज विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की सौगातें देकर क्षेत्र के विकास के लिये नए दरवाजे खोले हैं। आगे भी इसी प्रकार निरंतर विकास के लिए काम किया जाएगा। कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।
लगभग 68 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण 
सुमावली में आयोजित विकास कार्यो के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने लगभग 68 करोड़ रूपये लागत के विकास कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। जिसमें 25 करोड़ के लोकार्पण एवं 42 करोड़ से अधिक लागत के निर्माण कार्यो का भूमिपूजन शामिल है। 
इन हितग्राहियों को किया लाभान्वित
मप्र डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित स्व सहायता समूह जय माँ काली आजीविका समूह, दांगी बाबा समूह, सरस्वती आजीविका समूह, उजाला आजीविका समूह और नगर कोटी आजीविका समूह को प्रत्येक को एक लाख रूपये की राशि के चैक सौंपे। इसी प्रकार राष्ट्रीय परिवार सहायता के तहत हितग्राही श्रीमती कमला यादव, श्रीमती मंजू शर्मा, श्रीमती बेजन्ती जाटव को 20 - 20 हजार रूपये की सहायता राशि दी गई है। वृद्धावस्था, निःशक्त पेंशन योजना के तहत भूप सिंह धाकड़, कुंभा सिंह और चरण सिंह को लाभान्वित किया गया। इसी प्रकार संबल योजना के हितग्राही, एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना और स्ट्रीट वेण्डर पथ विक्रेता योजना के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
यह रहे उपस्थित
कार्यक्रम में भिंड सांसद श्रीमती संध्या राय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता हर्षाना, पूर्व विधायकगण सर्वश्री परशुराम मुदगल, गजराज सिंह सिकरवार, शिवमंगल सिंह तोमर, पूर्व मंत्री श्री मुंशीलाल, पूर्व सांसद श्री अशोक अर्गल तथा सर्वश्री अनिल गोयल, योगेशपाल गुप्ता व छैरा सरपंच श्रीमती वैजयंती देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। 



सोशल मीडिया