संविधान बचाने चलेगा आंदोलन: बरैया
बहुजन संघर्ष दल ने रैली निकालकर की भूख हड़ताल
ग्वालियर। मोदी सरकार संविधान को बदलने की तैयारी कर रही है लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो पाएगी और इसका कड़ा विरोध किया जाएगा। इसके लिए बहुजन संघर्ष दल द्वारा संविधान बचाओ आंदोलन शुरू किया गया है। यह बात दल के संस्थापक अध्यक्ष फूलसिंह बरैया ने आज रविवार को फूलबाग मैदान में स्थित एक दिवसीय भूख हड़ताल और धरना प्रदर्शन के दौरान कही।
फूलबाग मैदान पर आज बहुजन संघर्ष दल के नेता और कार्यकर्ता एक दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। उनका आरोप है कि मोदी सरकार देश के संविधान के लिए खतरा बनती जा रही है। इसलिए संविधान को बचाना जरूरी है। इसके लिए सभी को एकजुट होना होगा। इसी को लेकर बहुजन संघर्ष दल ने संविधान बचाओ आंदोलन शुरू किया है। इससे पूर्व एक रैली का भी आयोजन किया गया। इस रैली और भूख हड़ताल में दल के स्थानीय नेता और कार्यकर्ताओं के साथ ही शहर के आसपास और ग्रामीण क्षेत्रों के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में भागीदारी कर रहे हैं।







