विकास के अविरल प्रवाह को थमने नहीं देंगे - पवैया

स्टेट न्यूज़ ,सिटी लाइव,   
img

विकास के अविरल प्रवाह को थमने नहीं देंगे - पवैया

लगभग 428 लाख के कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

ग्वालियर / उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री  जयभान सिंह पवैया ने रविवार को उप नगर ग्वालियर व हजीरा क्षेत्र में विकास की बड़ी-बड़ी सौगातें दीं। साथ ही कहा कि इस क्षेत्र में विकास के अविरल प्रवाह को थमने नहीं दिया जायेगा। उन्होंने लगभग 428 लाख रूपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। इनमें लगभग 367 लाख रूपए की लागत से बनने जा रहीं पेयजल की 3 लाख से 10 लाख लिटर क्षमता वाली पाँच बड़ी-बड़ी टंकियां शामिल हैं।

            विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री  पवैया ने कहा कि उपनगर ग्वालियर व हजीरा क्षेत्र की हर बस्ती के शत प्रतिशत घरों में तिघरा का पानी पहुँचाने के लक्ष्य को लेकर पेयजल की 17 बड़ी-बड़ी टंकियों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही जरूरत के अनुसार हजारों मीटर लम्बी पेयजल लाईनें भी बिछाई जा रही हैं। इससे पेयजल समस्या का स्थायी निदान होगा। उन्होंने भगवत सहाय महाविद्यालय में बहुउद्देश्यीय खेल मैदान के उदघाटन अवसर पर कहा कि यहाँ पर एक अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण भी कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस खेल मैदान को सुसज्जित करने के लिए आगे भी धनराशि मुहैया कराई जायेगी। इसी तरह संजय नगर में सामुदायिक भवन निर्माण की उन्होंने घोषणा की।  इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकास का मतलब केवल निर्माण कार्य भर नहीं अपितु गरीबों का समग्र कल्याण भी है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिये केन्द्र व राज्य सरकार ने भौतिक विकास के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए कारगर योजनाएं बनाई हैं। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना ने जरूरतमंदों को बड़ा सहारा दिया है। इसी कड़ी में भारत सरकार द्वारा शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना से सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को  स्वास्थ्य कवच पहनाया है। इस योजना से सरकार संबल कार्डधारियों को भी पाँच लाख रूपए तक की इलाज की सुविधा मुहैया करायेगी।

इन कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

 उच्च शिक्षा मंत्री  पवैया रविवार को पूर्वान्ह में चार शहर का नाका स्थित शासकीय भगवत सहाय कॉलेज में 26 लाख रूपए की लागत से बनकर तैयार हुए मिनी स्टेडियम (बहुउद्देश्यीय खेल मैदान) और संजय नगर में 9.37 लाख की लागत से नवनिर्मित सीसी रोड़ का लोकार्पण किया। साथ ही चन्दनपुरा बिरलानगर में 7.20 लाख की लागत के सामुदायिक भवन और पीताम्बरा कॉलोनी में 7.98 लाख रूपए की लागत से बनने जा रही सीसी रोड़ का भूमिपूजन किया।

इन टंकियों का किया भूमिपूजन

 पवैया ने रविवार की सायंकाल तानसेन नगर में लगभग एक करोड़ रूपए लागत और 10 लाख लिटर क्षमता वाली टंकी का भूमिपूजन किया। इससे पहले उन्होंने बारहबीघा व चन्द्रनगर में 7 लाख लिटर क्षमता और साढ़े 69 - 69 लाख लागत की टंकियों का भूमिपूजन किया। इसी कड़ी में उन्होंने विनय नगर में 9 लाख लिटर क्षमता और 89 लाख 27 हजार रूपए लागत तथा रविदास नगर ग्वालियर में 3 लाख लिटर क्षमता और 29 लाख रूपए लागत की पेयजल टंकी का भूमिपूजन भी श्री पवैया द्वारा रविवार की सायंकाल किया गया। 



सोशल मीडिया