महिलाओं की मैराथन दौड़ शुरू
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने दिखाई हरी झण्डी
ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया के जन्मशताब्दी वर्ष पर महिला मोर्चा द्वारा ग्वालियर से दिल्ली तक आयोजित महिलाों की मैराथन दौड़ आज सुबह कटोराताल स्थित फ्लैग प्वाइंट से शुरू हुई। इसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह मैराथन चार राज्यों से गुजरकर दिल्ली पहुंचेगी। यहां से निकलकर जिन राज्यों उप्र, हरियाणा और राजस्थान में यह मैराथन पहुंचेगी वहां उन प्रदेशों के मुख्यमंत्री इसकी अगवानी करेंगे। इस मैराथन में भागीदारी करने वाली सभी धाविकाएं प्रोफेशनल हैं। इन सभी का इंश्योरेंस भी है। धाविकाएं अलग-अलग 20-20 के ग्रुप में दौड़ेगीं। प्रदेश सरकार ने चुनाव आचार सहिंता लगने से पहले ही राजमाता विजियाराजे सिंधिया का जन्मशती वर्ष मनाने की घोषणा की थी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में जन्मशती पर्व को बड़े पैमाने पर मनाने का ऐलान किया था। इसी उपलक्ष्य में ग्वालियर से दिल्ली तक की महिला मैराथन आयोजित की जा रही है। जिसे आज सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये 375 किलोमीटर की यह मैराथन मुरैना, धौलपुर, आगरा, मथुरा, वृंदावन, पलवल और फरीदाबाद से होती हुई दिल्ली पहुंचेगी। दिल्ली में 16 अक्टूबर को इसका समापन होगा। जहां बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रिले मैराथन का स्वागत करेंगे। उसके बाद तालकटोरा स्टेडियम में एक भव्य कार्यक्रम होगा।







