जयसिंह को उपहार में मिल सकता है ग्वालियर पूर्व से टिकट

स्टेट न्यूज़ ,सिटी लाइव,   
img


 शाह की प्रदेश एवं सीएम की जनआशीर्वाद यात्रा मे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर
जयसिंह को उपहार में मिल सकता है ग्वालियर पूर्व से टिकट
ग्वालियर। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की प्रदेश यात्रा के साथ ही सीएम शिवराज सिंह की जनआशीर्वाद यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पूर्व साडा अध्यक्ष जय सिंह कुशवाह को पार्टी की ओर से उपहार स्वरूप ग्वालियर पूर्व से टिकट मिल सकता है। इसके लिए वह पिछले चुनाव से दावेदारी भी करते आ रहे हैं।
इन दिनों देश के दो प्रमुख दलों कांग्रेस और भाजपा के साथ ही अन्य दल भी पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में लगे हुए हैं। इसके लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मध्यप्रदेश में धुआंधार दौरे और जनसभाएं कर रहे हैं तो सीएम शिवराज सिंह प्रदेश भर में जनआशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। पार्टी के दोनों ही नेताओं के कार्यक्रमों में पूर्व साडा अध्यक्ष जीजान से जुटे हुए हैं और महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके चलते यह चर्चा जोरों पर है कि इसके लिए उन्हें पार्टी की ओर से उपहार में ग्वालियर पूर्व सीट से टिकट दिया जा सकता है।
लम्बी राजनीतिक पारी का लाभ
सूत्र बताते हैं कि एक ओर जहां सीएम और अध्यक्ष के कार्यक्रमों में आगे बढ़कर काम करने का फायदा जयसिंह को मिल सकता है।  वहीं उनके लिए भाजपा में लम्बी राजनीतिक पारी का लाभ भी टिकट के रूप में दिया जा सकता है। एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते हुए जयसिंह पार्टी संगठन में कई पदों पर रह चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने साडा अध्यक्ष के रूप में सफल कार्यकाल पूरा किया। हालांकि पिछली बार भी उन्होंने ग्वालियर पूर्व से टिकट के लिए दावेदारी की थी लेकिन पार्टी ने टिकट माया सिंह को थमा दिया था। इतना ही नहीं इससे पहले जयसिंह महापौर के टिकट के लिए भी दावेदारी कर चुके हैं। सूत्रों की मानें तो इस बार माया सिंह पूर्व से चुनाव लडऩे की इच्छुक नहीं हैं। इसके पीछे इस क्षेत्र के लोगों की उनके प्रति नाराजगी के साथ ही पिछली बार काफी कम अंतर से चुनाव जीतना भी बताया जा रहा है। 
केन्द्रीय मंत्री तोमर के करीबी
सूत्र बताते हैं कि टिकट बंटवारे के लिए प्रदेश में वरिष्ठ नेताओं के बीच किए जा रहे मंथन में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर का काफी हस्तक्षेप रहेगा। इसका लाभ भी जयसिंह को मिल सकता है। सूत्रों की मानें तो जयसिंह केन्द्रीय मंत्री तोमर के काफी करीबी माने जाते हैं। इसके साथ ही वह पिछले बार से ही ग्वालियर पूर्व से दावेदारी कर रहे हैं। वहीं इन दिनों अमित शाह और मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में उनकी समर्पण भाव से की जा रही भागीदारी उन्हें उपहार में टिकट दिला सकती है।
माया सिंह बदल सकती हैं क्षेत्र
सूत्र बताते हैं कि यूं तो इस बार पार्टी माया सिंह का टिकट काट सकती है लेकिन फिर भी यदि वह चुनाव मैदान में उतरती हैं तो ग्वालियर पूर्व से उम्मीदवारी की इच्छुक नहीं हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो माया सिंह इस चुनाव में मुरार ग्रामीण से टिकट की दावेदारी कर रही हैं। इसके चलते जयसिंह को टिकट दिए जाने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

 



सोशल मीडिया