महिलाओं का सम्मान मेरे लिये गौरव- मंत्री इमरती देवी
ग्वालियर / समाजसेवी संत मदर टेरेसा जी की जयंती के उपलक्ष्य में शहर की 41 वरिष्ठ समाज सेवी महिलाओं का सम्मान समारोह का आयोजन बेटी है तो कल है सामाजिक संस्था द्वारा होटल सेल्टर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी थीं। अध्यक्षता ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सिंह राठौर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, श्री अशोक प्रेमी, उपसंचालक महिला बाल विकास रेखा अग्रवाल एवं श्री डी सी तिवारी थे। आभार डॉ वंदना भूपेन्द्र शर्मा ने व्यक्त किया।
प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने कहा कि बेटियों के सम्मान और महिलाओं के अधिकारों के लिए हम सब को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा समाज हित में आगे बढ़कर कार्य किया जा रहा है। महिलाओं ने आज सभी क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल कर अपनी योग्यता प्रमाणित कर दी है। मदर टेरेसा के आदर्शों पर चलकर महिलाओं को समाज हित में निरंतर कार्य करते रहना चाहिए।
मंत्री इमरती देवी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 313 आंगनबाड़ी केन्द्रों को प्राइमरी स्कूल बनाया जा रहा है। इन केन्द्रों में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेंगीं। प्रदेश सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों को अत्याधुनिक बनाने की दिशा में भी तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में 41 समाजसेवी महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अतिथिगणों द्वारा संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई।











