न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक ने बिलौआ विद्यालय में कक्षा-6 की छात्राओं को पढ़ाया

स्लाइडर ,सिटी लाइव,एजुकेशन,   
img

विद्यादान एक संकल्प – एक पहल

न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक ने बिलौआ विद्यालय में कक्षा-6 की छात्राओं को पढ़ाया

छात्राएं अपनी जिज्ञासा को कभी कम न होने दें

ग्वालियर / विद्या का दान सबसे बड़ा दान माना गया है। यह ऐसा दान है इसे जितना बांटो उतना बढ़ता है। ग्वालियर प्रशासन द्वारा “विद्यादान एक संकल्प-एक पहल” के तहत अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, माननीय न्यायाधीशगण सहित प्रबुद्ध नागरिक शासकीय विद्यालयों में जाकर बच्चों को पढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। शनिवार को उच्च न्यायालय ग्वालियर के न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक ने शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय बिलौआ में विद्यादान किया।    न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक ने कक्षा-6 के विद्यार्थियों को सामाजिक विज्ञान विषय के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने भारत व विश्व के मानचित्रों के माध्यम से बच्चों को अपने आस-पास के परिवेश एवं देश-विदेश की जानकारी ग्रहण करने की विधि भी समझाई। भूगोल विषय में ग्वालियर शहर की भौगोलिक स्थिति से प्रारंभ कर पूरे देश एवं देश के राज्यों व राजधानियों को बहुत ही सरल तरीके से समझाया।      न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक ने छात्राओं से कहा कि हँसी उड़ने के डर से अपनी जिज्ञासा को कभी कम न होने दें। जानकारी न होने पर प्रश्न पूछकर जानकारी हासिल करने की आदत को हमेशा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कक्षा में हमेशा एकाग्रतापूर्ण शिक्षा ग्रहण करने से बताई गई बातें लम्बे समय तक याद रहती हैं।    न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक ने कक्षा-6 में अध्ययनरत छात्राओं से जब भविष्य के उद्देश्य के बारे में पूछा तो छात्राओं ने डॉक्टर, पुलिस अधिकारी और शासकीय सेवा को ही अपनी प्राथमिकता बताई। उन्होंने कहा कि मन लगाकर अध्ययन करें और अपनी मंजिल प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करते रहें। निरंतर किए गए प्रयास कभी विद्यल नहीं होते हैं। न्यायमूर्ति श्री पाठक ने बताया कि देश में पी.वी. सिंधु, महेन्द्र सिंह धोनी और विराट कोहली ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपनी लगन और खेल प्रतिभा के माध्यम से न केवल देश में बल्कि पूरे विश्व में अपना रोशन किया है। उनकी उपलब्धियों पर सम्पूर्ण देश गौरवान्वित है।

            विद्यादान कार्यक्रम के तहत माध्यमिक विद्यालय बिलौआ में विद्यार्थियों को पढ़ाते समय जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री दीपक पाण्डेय, डीपीसी श्री राजीव शर्मा एवं शाला का स्टाफ उपस्थित था। 



सोशल मीडिया