बारिश से मौसम सुहाना, तिघरा पर सैलानियों की मौज मस्ती

स्लाइडर ,सिटी लाइव,   
img

बारिश से मौसम सुहाना, तिघरा पर सैलानियों की मौज मस्ती
ग्वालियर। शहर में लगातार हो रही बारिश से जहां उमस और गर्मी गायब हो गई है वहीं मौसम में ठण्डक घुलने लगी है। वहीं पेयजल आपूर्ति का प्रमुख स्त्रोत तिघरा भी लबालब हो गया है। इसके साथ ही शहर और इससे सटे आसपास के क्षेत्रों से सैलानी यहां पिकनिक मनाने पहुंचने लगे हैं।
पिछले कुछ दिनों से तिघरा जलाशय पर सैलानियों का सैलाब उमड़ रहा है। अपने परिवार और मित्रों के साथ पिकनिक मनाने पहुचने वाले लोग तिघरा के पानी में उतरकर स्नान और मौज मस्ती कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि बारिश के मौसम में तिघरा जलाशय आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रहता है, विशेषकर उस समय जबकि जमकर बारिश हो रही हो। ऐसे समय में लोग यहां पिकनिक मनाने के लिए पहुंचते हैं। दो माह से शहर में जमकर हो रही बारिश के बाद से यहां लगातार सैलानियों का आवागमन बना हुआ है। इसी तरह बीते रोज के बाद आज भी सैलानी अपने परिवार और मित्रों के साथ यहां पहुंच गए और जमकर मौजमस्ती की।
स्नान के साथ ही खान पान भी
इस दौरान लोगों ने जमकर जलाशय के पानी में अठखेलियां की तो अपने साथ ले गए व्यंजनों का भी चटखारे लेकर स्वाद लिया। वहीं कुछ लोग अपने साथ ही खाना व अन्य चीजें बनाने की सामग्री लेकर यहां पहुंचे और मनचाहे व्यंजन बनाकर खाए।
सुरक्षा इंतजाम ढीले
बारिश के दिनों में प्रतिवर्ष तिघरा में लोग हादसों का शिकार हो जाते हैं लेकिन इसके बावजूद यहां सुरक्षा व्यवस्था काफी ढीली है। इसके चलते लोग उन स्थानों पर भी मौजमस्ती करने पहुंच जाते हैं जहां कि जाना खतरनाक और प्रतिबंधित है। लेकिन उन्हें रोकने वाले नहीं होने के कारण सब कुछ भगवान भरोसे चल रहा है।
पार्किंग और खानपान वालों की मनमानी
तिघरा पर लोगों की भीड़ बढ़ते ही यहां वाहन पार्किंग पर जहां लोगों से मनमानी वसूली की जा रही है वहीं खानपान और चाट पकौड़ी वाले भी जमकर चांदी काट रहे हैं। लेकिन इन पर कोई नियंत्रण नहीं है।
 

 



सोशल मीडिया