पद्मश्री बाबा सेवारामजी की मौजूदगी में वृक्षारोपण
अधिकारियों ने रोपे विभिन्न प्रजातियों के पौधे
ग्वालियर/ केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल का नया गाँव ग्रुप केन्द्र पर्यावरण संरक्षण में भी महती भूमिका निभा रहा है। सीआरपीएफ के जवानों ने बंजर पहाड़ियों को सुरक्षित वृक्षारोपण के जरिए हरीतिमा की चादर ओढा दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को नयागाँव ग्रुप केन्द्र में पद्मश्री बाबा सेवाराम (कार सेवा खांडूर साहिब पंजाब) एवं बाबा लक्खा सिंह की मौजूदगी में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में सीटीसी के पुलिस महानिरीक्षक आर पी पाण्डेय, पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर अंशुमान यादव, पुलिस उप महानिरीक्षक ग्रुप केन्द्र आर सी मीणा, उप महानिरीक्षक सशस्त्र बल संजय कुमार एवं कमाण्डेंट रजनीश अहलावत सहित अन्य अधिकारियों एवं सैनिकों ने हिस्सा लिया इस साल हुई अच्छी मानसूनी बारिश को ध्यान में रखकर ग्रुप केन्द्र में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को आयोजित हुए पौधरोपण कार्यक्रम में करंज, नीम व सिल्वर ओक सहित विभिन्न प्रजातियों के एक हजार से अधिक पौधे रोपे गए। उल्लेखनीय है कि सीआरपीएफ के जाबाजों ने ग्रुप केन्द्र परिसर की चट्टानी जमीन को सतत् वृक्षारोपण के जरिए हरा-भरा, रमणीक एवं मनोरम बना दिया है। इस तरह यह ग्रुप केन्द्र पर्यावरण के विकास में अहम योगदान दे रहा है। इसी वजह से इस ग्रुप केन्द्र को सीआरपीएफ का सर्वश्रेष्ठ ग्रुप केन्द्र घोषित किया गया है।











