गणपति वप्पा के जयकारों से गूंजा शहर, श्रीजी की प्रतिमाओं की स्थापना के साथ गणेशोत्सव शुरू

स्लाइडर ,सिटी लाइव,धर्म,   
img

गणपति वप्पा के जयकारों से गूंजा शहर
श्रीजी की प्रतिमाओं की स्थापना के साथ गणेशोत्सव शुरू

ग्वालियर। श्रीजी की प्रतिमाओं की स्थापना के साथ आज से दस दिन तक चलने वाला गणेश महोत्सव शुरू हो गया। इस दौरान पूरा शहर गणपति वप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा। वहीं सुबह से ही दर्शनों के लिए मंदिरों में श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गए। यह सिलसिला इसी तरह देर रात तक जारी रहेगा। 
इससे पूर्व शहरवासियों ने गणेशोत्सव की जोरदार तैयारियां कर लीं थीं। वहीं आज घरों में पूरे विधि विधान के साथ श्रीजी की प्रतिमाओं की स्थापना की गई। उधर शहर में जगह-जगह बने पण्डालों में इसके लिए आकर्षक सजावट की गई है। विभिन्न मण्डलों और सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं द्वारा बुधवार से ही गणेश प्रतिमाओं को ढोल-ढमाकों के साथ ले जाकर पण्डालों में विराजित करना शुरू हो गया था। वहीं आज भी यह सिलसिला जारी है।    
मिट्टी से बनाईं श्री जी की आकर्षक प्रतिमाएं
मूर्तिकारों ने इस अवसर पर आकर्षक गणेश प्रतिमाएं तैयार की हैं। पीओपी आदि से बनी मूर्तियों पर रोक के चलते मिट्टी की प्रतिमाओं का निर्माण किया गया है जो कि अधिक महंंगी हैं, श्रद्धालु अपने-अपने स्तर पर प्रतिमाओं की खरीदारी कर रहे हैं। इसके साथ ही बाजारों में श्रीजी की प्रतिमाएं धूमधाम के साथ निकाली जा रही हैं। उधर बाजारों में गणेश प्रतिमाओं के साथ ही पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ लग रही है। प्रतिमा स्थापना के लिए सुबह 11 से अपरान्ह तीन बजे तक शुभ मुहूर्त बताया गया है। इसके साथ ही शाम पांच बजे के बाद भी श्रीजी की प्रतिमाओं की स्थापना की जा सकती है।
खूब बिक रहे हैं लड्डू और मोदक
श्री जी को भोग में सबसे अधिक पसंद लड्डू और मोदक हैं। इसके चलते मिठाई की दुकानों पर इनकी सबसे अधिक बिक्री हो रही है। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार की विशेष मिठाईयां भी दुकानदारों ने बनाई हैं जिन्हें लोग खरीद कर ले जा रहे हैं। इसके साथ ही फल व ड्रायफ्रूट्स की भी जमकर खरीदारी की जा रही है।
दस दिन सजेगीं झांकियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
गणेश महोत्सव के दौरान पूरे दस दिन विभिन्न स्थानों पर लगे पण्डालों में आकर्षक झांकियां लगाई जाएंगी वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। शाम को श्रीजी के दर्शनों के साथ ही इन झांकियों को देखने के लिए लोगों की भीड़ बाजारों में दिखाई देगी। 
अचलेश्वर पर विराजी 16 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा
घरों, पण्डालों और मंदिरों के साथ ही अचलेश्वर महादेव मंदिर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 16 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की जा रही है। इस प्रतिमा का निर्माण मूर्तिकारों ने अचलेश्वर परिसर में ही किया है। यहां प्रतिदिन श्री गणेश की आरती के साथ ही अन्य धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
 

 



सोशल मीडिया