टंकी का वाल हुआ खराब, नाले में बहा पानी
ग्वालियर। एक ओर जहां शहरवासी पानी नहीं मिलने से परेशान हैं वहीं निगम की लापरवाही से पीने का पानी नाले नालियों में बह कर बर्बाद हो रहा है। ऐसी ही लापरवाही के परिणामस्वरूप आज सुबह आपागंज, हाथीखाना में नाले के पास बनी पानी की टंकी का वाल खराब हो गया। इसके बाद टंकी में भरा पानी धीरे-धीरे नाले में बह गया लेकिन घंटों तक निगम का कोई अधिकारी या कर्मचारी यहां नहीं पहुंचा।
जानकारी के अनुसार उक्त पानी की टंकी से एक बड़े क्षेत्र में पानी की सप्लाई की जाती है। लेकिन पानी इस तरह नाले में बह जाने के बाद यहां के लोगों को पानी नहीं मिला और वह इधर-उधर भटकते देखे गए। इस तरह पानी की बर्बादी होती रही और निगम अधिकारी या कर्मचारी यहां नहीं पहुंचे। बताया जाता है कि इसकी जानकारी कुछ क्षेत्रवासियों ने तुंरत ही सम्बन्धित कर्मचारियों को दे दी थी लेकिन इसके बावजूद पूरा पानी नाले में बह कर बर्बाद हो गया। खबर लिखे जाने तक यहां कोई निगम अधिकारी या कर्मचारी नहीं पहुचा था और पानी नाले में बह कर बर्बाद हो रहा था।











