नवदुर्गा उत्सव में अष्टमी पर महागौरी की पूजा के साथ किया कन्या पूजन

  
img


नवदुर्गा उत्सव में अष्टमी पर-----
महागौरी की पूजा के साथ किया कन्या पूजन

ग्वालियर। नवरात्रि का पर्व पूरे देश के साथ ही शहर में भी धूमधान से मनाया जा रहा है। इन नौ दिनों में मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है। इस दौरान लोग मां की विशेष कृपा पाने के लिए व्रत रखते हैं। 
आज बुधवार को नवरात्रि के आठवें दिन यानी अष्टमी को घरों, मंदिरों और पण्डालों में माता के जयकारों की गंूज सुनाई दे रही है। इसके साथ ही मंदिरों में दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रमुख मंदिरों मांढरे की माता, भेलसे वाली माता, नहर वाली माता, पहाड़ वाली माता, वैष्णो माता झांसी रोड, करौली माता महल गांव, आमखो वाली काली माता पाटनकर बाजार, शिवाजी पार्क स्थित चामुण्डा माता सहित शहर के सभी देवी मंदिरों पर विशेष पूजा अर्चना के साथ ही हवन-यज्ञ और अन्य धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। इसके साथ ही आज से भण्डारों का आयोजन भी शुरू हो गया जो कि इसी तरह दशहरे तक चलेगा।
कन्या पूजन का विधान
नवदुर्गा उत्सव में कन्या पूजन करने का विधान है। आज महागौरी पूजन के साथ-साथ संधि पूजन और दुर्गा अष्टमी पूजन भी किया जाएगा। अष्टमी के दिन मां दुर्गा के आठवें रूप यानी महागौरी की पूजा की जाती है। सुबह महागौरी की पूजा के बाद घर में नौ कन्याओंं और एक बालक को भोज कराने का विधान है। सभी कन्याओं और बालक की पूजा करने के बाद उन्हें हलवा, पूरी और चने का भोग दिया जाता है। इसके बाद उन्हें भेंट और उपहार देकर विदा किया जाता है। लोग इसी विधान का पालन करते हुए आज माता की आराधना कर रहे हैं। वहीं पूजा पंडालों में अस्त्र पूजा और संधि पूजा की जाएगी। शाम के समय महाआरती होगी और सांस्कृतिक  और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कैसे करें कन्या पूजन?
कन्या पूजन के दिन सुबह नहा-धोकर भगवान गणेश और महागौरी की पूजा करें। कन्या पूजन के लिए 2 साल से लेकर 10 साल तक की नौ कन्याओं और एक बालक को आमंत्रित करें। सभी कन्याओं को बैठने के लिए आसन दें। फिर सभी कन्याओं के पैर धोएं। अब उन्हें रोली, कुमकुम और अक्षत का टीका लगाएं। इसके बाद उनके हाथ में मौली बाधें। अब सभी कन्याओं और बालक को घी का दीपक दिखाकर उनकी आरती करें। 
आरती के बाद सभी कन्याओं को भोग लगाएं। भोजन के बाद कन्याओं को भेंट और उपहार दें।

 



सोशल मीडिया