फुटपाथियों को रोकने में नाकाम निगम

स्लाइडर ,सिटी लाइव,   
img

फुटपाथियों को रोकने में नाकाम निगम 
ग्वालियर। महाराजबाड़ा और इसके आसपास के क्षेत्रों में फुटपाथ पर बैठकर अपना कारोबार करने वालों को यहां से हटाने में नगर निगम और प्रशासन पूरी तरह से नाकाम हो गया है। स्थिति यह है कि निगम का मदाखलत अमला इन्हें सुबह यहां से हटाता है और शाम को वापस इनकी दुकानें यही जम जाती हैं।
उल्लेखनीय है कि महाराजबाड़ा पर लम्बे समय से फुटपाथ पर दुकानें लगती रही हैं। इसके साथ ही मदाखलत अमला भी समय-समय पर कार्रवाई करते हुए इन्हें यहां से खदेड़ता रहा है। इसके बावजूद आज भी वह इन्हें स्थायी रूप से यहां से हटाने में कामयाब नहीं हो सका है। पिछले कुछ दिनों से तो निगम अमले और इनके बीच जोरदार दौड़-भाग चल रही है। ििस्थति यह है कि निगम अमला इन्हें सुबह यहां से हटाता है लेकिन शाम तक इनकी दुकानें वापस यहीं लग जाती हैं।
अवैध वसूली का खेल
फुटपाथी दुकानदारों को यहां से नहीं हटा पाने के पीछे सबसे बड़ा कारण इन लोगों से निगम के मदाखलत अमले, यातायात और पुलिस कर्मियों द्वारा की जाने वाली अवैध वसूली भी है। इसके चलते जो कर्मचारी इन्हें यहां से हटाते हैं वहीं पैसे लेकर इन्हें वापस यहां बुला भी लेते हैं। यातायात पुलिस कर्मी, निगम कर्मचारी और  पुलिसकर्मी इन लोगों से यहां बैठने के बदले में अवैध वसूली करते हैं जिससे वह स्वयं ही इन्हें यहां से नहीं हटने देना चाहते।
दीपावली पर होता है कारोबार
फुटपाथी दुकानदार त्योहारों और शादी के मौसम में किसी भी तरह यहां से नहीं हटना चाहते क्यों कि इस दौरान उनकी दुकान धड़ल्ले से चलती है। अब जबकि दीपावली करीब हैं तो इस स्थिति में वह यहीं बैठकर कारोबार करना चाहते हैं। महाराजबाड़ा पर नजर बाग मार्केट और निगम मुख्यालय के सामने और डाकघर तथा स्टेटबैंक के आगे इन लोगों का पूरी तरह फुटपाथ पर कब्जा है जिसे निगम और प्रशासन हटाने में पूरी तरह नाकाम हो गए हैं।



सोशल मीडिया