त्योहार के बाद अब बाजारों में सहालग की रौनक
ग्वालियर। दीपावली और देवउठान के बाद अब बाजारों में सहालग की रौनक दिखाई देने लगी है। खरीदारी बढऩे के साथ ही दुकानदारों के चेहरे भी खिल गए हैं।
दीपावली पर लगातार 15 दिन तक शहर के विभिन्न बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। वहीं अब देवउठान एकादशी से प्रारंभ हुए शादी-विवाह के कारण एक बार फिर रौनक दिखाई देने लगी है। इस दौरान आभूषण, बर्तन, कपड़ा बाजार में लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
सराफा बाजार में उमड़े खरीदार
सहालग के चलते सबसे अधिक खरीदारी आभूषण और बर्तनों की होती है। इस कारण लश्कर सहित उपनगर मुरार और ग्वालियर के सराफा बाजार में भी लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। यहां से लोग ब्राण्डेड के साथ ही अन्य आभूषणों की खरीद कर रहे हैं। वहीं बर्तन वालों की दुकानों पर भी लोग अपनी आवश्यकतानुसार खरीदारी कर रहे हैं। उधर रेडीमेड कपड़ों को खरीदने के लिए भी लोग पहुंच रहे हैं। इसके चलते नईसड़क, सुभाष मार्केट, नजरबाग मार्केट, टोपी बाजार, जयेन्द्रगंज सहित अन्य बाजारों में स्थित रेडीमेड कपड़ों की दुकानों से लोग खरीदारी कर रहे हैं।











