जीत की खुशी में जयंती पर संजय गांधी को भूले कांग्रेसी
ग्वालियर। स्व.संजय गांधी की जयंती पर आज कांग्रेसियों ने उन्हें पूरी तरह भुला दिया। इस दौरान एक भी कांग्रेस कार्यकर्ता उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने नहीं पहुंचा।
आज शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्व.संजय गांधी की जयंती है। इस मौके पर हर बार उनके जयेन्द्रगंज में संजय कॉम्पलेक्स स्थित उनके प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि देने पहुंचने वाले कांग्रेसियों ने आज उन्हें भुला दिया। इस दौरान एक भी कार्यकर्ता यहां नहीं पहुंचा। उल्लेखनीय है कि हाल ही विधानसभा चुनाव निपटे हैं जिसमें कांग्रेस जीत के बाद सरकार बना रही है। इसके लिए 17 दिसम्बर को भोपाल में शपथ ग्रहण समारोह होना है। अधिकतर कांग्रेसी पिछले तीन दिन से राजधानी में ही हैं। जीत की इस खुशी में कांग्रेसियों ने अपने नेता संजय गांधी को पूरी तरह भुला दिया है। यही कारण है कि आज जयंती के दिन स्व.संजयगांधी की प्रतिमा पर एक पुष्प तक अर्पित नहीं किया गया।
कांग्रेसिया की अनदेखी से जर्जर हुआ प्रतिमा स्थल
कांग्रेसी अपने वरिष्ठ नेताओं का कितना सम्मान करते हैं इसका एक उदाहरण शुक्रवार को उस समय देखने को मिला जबकि जीत की खुशी में मगन कांगे्रसी पार्टी को मजबूत बनाने वाले और गांधी परिवार से जुड़े नेता संजय गांधी की जयंती को ही भूल गए। इतना ही नहीं उनके सजंय कॉम्लेक्स स्थित प्रतिमा पर फूल चढ़ाना तो दूर प्रतिमा स्थल पर झाडू तक नहीं लगाई गई। जिला कांग्रेस की बात करें तो स्व.संजय गांधी की प्रतिमा और प्रतिमा स्थल की जर्जर हालत को देखकर कांग्रेसियों की मानसिकता का पता चलता है। यहां प्रतिमा स्थल पर प्रतिमा के नीचे लगा सीमेंट पूरी तरह उधड़ रहा है। लेकिन कांग्रेसियों को इतनी भी परवाह नहीं है कि प्रतिमा स्थल का पुननिर्माण करा देते। इस लापरवाही के कारण संजय गांधी के प्रतिमा स्थल की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है।











