शहनाई वादन,हरिकथा और मिलाद के साथ तानसेन समारोह शुरू
ग्वालियर। भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में देश के सर्वाधिक प्रतिष्ठापूर्ण महोत्सव तानसेन समारोह की शुरूआत आज पारंपरिक ढंग से हुई। हजीरा स्थित तानसेन समाधि स्थल पर सुबह परंपरागत ढंग से शहनाई वादन, हरिकथा और मिलाद की तकरीर हुई।
सुर सम्राट तानसेन की स्मृति में पिछले 94 वर्ष से आयोजित हो रहे तानसेन समारोह में इस साल भी ब्रह्मनाद के शीर्षस्थ साधक तानसेन समाधि परिसर से गान मनीषी तानसेन को स्वरांजलि अर्पित कर रहे हैं। मंगलवार को सुबह तानसेन समाधि स्थल पर परंपरागत ढंग से उस्ताद मजीद खां ने राग बैरागी में शहनाई वादन किया। इसके बाद ढोलीबुआ महाराज नाथपंथी संत सच्चिदानंद नाथ ने संगीतमय आध्यात्मिक प्रवचन देते हुए ईश्वर और मनुष्य के रिश्तों को उजागर किया। उन्होने कहा कि अल्लाह, ईश्वर, राम,रहीम, कृष्ण और करीम-ए-खुदा और देव सब एक हैं। हर मनुष्य में ईश्वर विद्यमान है। हम सब ईश्वर की सन्तान है तथा ईश्वर के अंश भी हैं। उन्होंने कहा कि रोजा और व्रत मुल्ला और पण्डित, ख्वाजा और आचार्य के उद्देश्य व मत एक ही है कि सभी नेकी के मार्ग पर चलें।
आपहि खेल खिलाड़ी
ढोली बुआ महाराज द्वारा प्रस्तुत भजन के बोल थे आपहि खेल खिलाड़ी आपहि धर्मधारी हैं। ढोलीबुआ महाराज ने प्यारे भजन रघुपति राघव राजाराम पतित पावन सीताराम का सुमधुर गायन किया। ढोलीबुआ महाराज की हरिकथा के बाद मुस्लिम समुदाय से मौलाना इकबाल कादरी ने इस्लामी कायदे के अनुसार मिलाद शरीफ की तकरीर सुनाई। अन्त में हजरत मौहम्मद गौस व तानसेन की मजार पर जनाब कामिल हजरत द्वारा परंपरागत ढंग से चादरपोशी करेंगे। इससे पहले जनाब भोलू झनकार सहित मुस्लिम समुदाय के अन्य गणमान्य नागरिक कब्बाली गाते हुये चादर लेकर पहुंचेंगे।
कार्यक्रम में संस्कृति विभाग की सचिव श्रीमती रेनू तिवारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी तथा श्री राकेश अचल समेत अन्य कलारसिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित हैं।
9 संगीत सभाएं होगीं
राज्य शासन के संस्कृति विभाग, उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी एवं मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद के तत्वावधान में यह समारोह इस बार 24 से 29 दिसम्बर तक आयोजित होगा इस समारोह में कुल 9 संगीत सभाएं होंगीं। पहली सात सभाएं तानसेन समाधि स्थल पर सजेंगी। आठवीं सभा 29 दिसम्बर को सुबह तानसेन की जन्म स्थली मुरार जनपद पंचायत के ग्राम बेहट में झिलमिल नदी के किनारे और अंतिम सभा इसी दिन शाम को गूजरी महल में सजेगी।
शहनाई वादन,हरिकथा और मिलाद के साथ तानसेन समारोह शुरू
स्लाइडर ,सिटी लाइव, Dec 25 2018
सम्बंधित ख़बरेंं
-
-
रेप से हैरानी भी होती है, डर भी लगता है: कृति
Oct 04 2020 -
पेड न्यूज पर भी रहेगी कड़ी नजर
Oct 04 2020 -
-











