हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है क्रिसमस
गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं हुईं
ग्वालियर। पूरे देश के साथ शहर में भी आज मंगलवार को प्रभु यीशु का जन्मदिन क्रिसमस के रूप में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर क्रिश्चियन समुदाय के लोगों में विशेष उत्साह है। गिरजाघरों में प्रार्थना की जा रही हैं।
इस मौके पर गिरजाघरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। वहीं इस समुदाय के लोगों ने अपने-अपने घरों को भी विशेष रूप से सजाया संवारा है। बच्चों को सांता क्लॉज से गिफ्ट मिल रहे हैं तो इसाई समाज के लोग विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं। वहीं यीशू के जन्मदिन पर केक भी काटे जा रहे हैं।
सांता क्लॉज कर रहे हैं आकर्षित
क्रिसमस पर विभिन्न प्रकार व आकार के सांता क्लॉज आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। इसमें सांता स्टीकर, सांता क्लॉज मुखौटा, हैंगिंग सांता, विंड चाइम में सांता क्लॉज, सीढ़ी पर लटके सांता और सांता ट्वायज से लेकर खड़े और बैठे सांता क्लॉज विशेष आकर्षण बने हुए हैं। इसका हर रूप बच्चों के आकर्षण का केंद्र है। क्रिसमस के लिए सांता का रंग लाल और सफेद है। क्रिसमस ट्री के लिए हरा, लेकिन देवदूतों के लिए सुनहरे और चांदी के रंगों की बहार दिखाई दे रही है। क्रिसमस ट्री पर सजाने वाले अधिकतर आइटम और नन्हें उपहार, लट्टू, जिंगल बेल्स, क्राउन आदि सभी में सुनहरे रंग की चमक दिखाई दे रही है।
एक-दूसरे के दे रहे उपहार
ईसाई समुदाय का सालभर में यह बड़ा त्योहार है। इसलिए लोग इस मौके पर अपने रिश्तेदारों और परिचितों को उपहार दे रहे हैं। इसे लेकर पिछले दो दिनों की तरह आज मंगलवार को भी देर उपहारों व सजावटी सामान की खरीदारी हो रही है।
बच्चों मेें विशेष उत्साह
उपहार और सांता को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। यूं तो आज अवकाश का दिन है लेकिन कुछ स्कूलों मेें आज क्रिसमस मनाया जा रहा है। जिसमें बच्चे विभिन्न प्रकार के सांता बनकर लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।











